Connect with us

मनोरंजन

Border 2  की सफलता के बीच सनी देओल की ‘Ghatak’ के सीक्वल की सुगबुगाहट तेज

Published

on

‘Lahore 1947’ और ‘Jaat 2’ के बाद फिर साथ आ सकते हैं सनी देओल–राजकुमार संतोषी, ‘घातक 2’ से बढ़ी उम्मीदें

मुंबई। अभिनेता सनी देओल (Sunny Deol) इन दिनों अपनी हालिया फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की जबरदस्त कामयाबी का जश्न मना रहे हैं। सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ के साथ इस देशभक्ति फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। इसी सफलता के बीच अब सनी देओल की 90 के दशक की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘घातक’ के सीक्वल को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

बताया जा रहा है कि ‘गदर 2’ और अब ‘बॉर्डर 2’ की सफलता ने यह साफ कर दिया है कि दर्शक सनी देओल को उनके पुराने दमदार और एंग्री अंदाज में फिर से देखना चाहते हैं। इसी वजह से कई फिल्म निर्माता उनकी पुरानी हिट फिल्मों के सीक्वल बनाने में रुचि दिखा रहे हैं। इसी कड़ी में फिल्मकार राजकुमार संतोषी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, जो सनी देओल के साथ वर्ष 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘घातक’ का सीक्वल ‘घातक 2’ बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं।

सिनेमाई गलियारों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, सनी देओल फिलहाल मनाली में छुट्टियां मना रहे हैं और ‘बॉर्डर 2’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इसी दौरान राजकुमार संतोषी ने उनसे ‘घातक 2’ को लेकर बातचीत की, जिस पर सनी ने भी दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद सनी ने राजकुमार संतोषी को मनाली आमंत्रित किया, ताकि वे उन्हें फिल्म की कहानी विस्तार से सुना सकें। बताया जा रहा है कि राजकुमार संतोषी मनाली पहुंच भी गए हैं।

हालांकि, सनी देओल इस फिल्म को करेंगे या नहीं, यह पूरी तरह से फिल्म की पटकथा और उनकी डेट्स की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Advertisement

उधर, सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी एक बार फिर फिल्म ‘लाहौर 1947’ में नजर आने वाली है, जिसका निर्माण अभिनेता आमिर खान कर रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल की फिल्म ‘जाट 2’ के निर्देशन को लेकर भी राजकुमार संतोषी का नाम सामने आ रहा है। यदि ‘घातक 2’ वास्तव में बनती है, तो दर्शकों को एक बार फिर पर्दे पर सनी देओल का काशी त्रिवेदी वाला गुस्सैल और दमदार अंदाज देखने को मिल सकता है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर सभी की नजरें आधिकारिक ऐलान पर टिकी हुई हैं।

बता दें कि, 1996 में रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म ‘घातक’ के शुरुआती दृश्य बनारस में शूट किए गए थे, जिसमें मुख्य रूप से कैंट रेलवे स्टेशन, अस्सी घाट, तुलसी घाट और शहर के पारंपरिक अखाड़े शामिल थे। सनी देओल का गंगा में डुबकी लगाने और कुश्ती लड़ने का यादगार सीन भी यहीं फिल्माया गया था।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page