शिक्षा
BHU ने संबद्ध कॉलेजों के पीएचडी गाइड को दी ई-रिसोर्सेज की सुविधा
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने शोध को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए अपने संबद्ध कॉलेजों के पीएचडी सुपरवाइजरों को केंद्रीय पुस्तकालय के ई-रिसोर्सेज तक पहुंच देने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले से संबद्ध महाविद्यालयों में शोध कार्य की गुणवत्ता और उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय से जुड़े चार प्रमुख महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज, वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा, वसंता महाविद्यालय राजघाट और आर्य महिला पीजी कॉलेज के पीएचडी गाइड अब सयाजीराव गायकवाड़ केंद्रीय पुस्तकालय के ऑनलाइन संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे। इन संसाधनों के माध्यम से शोधार्थियों को व्यापक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे उनके शोध कार्य को मजबूती मिलेगी।
बीएचयू का केंद्रीय पुस्तकालय देश के प्रमुख और समृद्ध शैक्षणिक पुस्तकालयों में गिना जाता है, जहां बड़ी संख्या में ई-रिसोर्सेज उपलब्ध हैं। ये संसाधन उच्च गुणवत्ता वाले शोध के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं।
इस पहल के तहत संबद्ध कॉलेजों के शोध निर्देशक अब विश्वविद्यालय के ऑनलाइन संसाधनों तक सहज पहुंच बना सकेंगे, जिससे शोध को उच्च स्तर तक ले जाने में मदद मिलेगी। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि संबद्ध महाविद्यालयों के शोधार्थियों की ओर से लंबे समय से अधिक संसाधनों की मांग की जा रही थी। यह निर्णय न केवल शोध की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगा, बल्कि विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों के बीच शैक्षणिक सहयोग को भी सुदृढ़ करेगा।
