Connect with us

वाराणसी

धमकी के बाद कचहरी परिसर में हाई अलर्ट, बम व श्वान दस्ते ने संभाला मोर्चा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जनपद के कचहरी परिसर स्थित जजों के चैंबर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार सुबह एक बार फिर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यापक जांच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। इस गंभीर प्रकरण की जानकारी जिला जज द्वारा उसी दिन पुलिस अधिकारियों और बार पदाधिकारियों को दे दी गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर कचहरी परिसर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी परिसर में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सघन जांच कराई। सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम और महामंत्री आशीष कुमार सिंह की उपस्थिति में अदालत कक्षों की सुरक्षा की जांच की गई। घटना के बाद से कचहरी परिसर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और वकीलों व न्यायालय कर्मियों के बीच भय का वातावरण बना हुआ है। इससे पहले भी बम धमाके की धमकी मिलने पर परिसर को खाली कराकर गहन जांच की गई थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जा रही है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने वकीलों और न्यायालय कर्मचारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल दें।

घटना के बाद बार एसोसिएशन ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है। पदाधिकारियों ने कहा कि न्यायालय परिसर में इस प्रकार की धमकियां स्वीकार्य नहीं हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा प्रबंध और अधिक प्रभावी किए जाएं ताकि अधिवक्ता और कर्मचारी स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि धमकी देने वालों की पहचान के लिए जांच जारी है। कचहरी परिसर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों की सूचना पर बम दस्ते और श्वान दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया। इस दौरान आसपास खड़े वाहनों की गहन तलाशी ली गई और आने-जाने वालों से पूछताछ की गई। कोर्ट भवन और परिसर के विभिन्न हिस्सों में भी जांच अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

तीन दिनों की बंदी के बाद सोमवार को कचहरी खुलने पर लोगों की भीड़ अधिक रही, जिससे पुलिस के सामने सुरक्षा जांच को लेकर अतिरिक्त चुनौती भी रही। पुलिस के अनुसार पूर्व में मिली धमकी के बाद भी रुटीन जांच की गई थी और सोमवार को दोबारा सघन जांच अभियान चलाया गया। सुरक्षा में तैनात कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। रुटीन जांच की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page