गोरखपुर
जमीन बेचने के नाम पर 17 लाख की ठगी, तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। जमीन बेचने के नाम पर जालसाजों द्वारा 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने रुपये लेने के बाद वही जमीन अन्य लोगों के नाम बैनामा कर दी। पीड़ित की तहरीर पर चौरी चौरा थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम चौरी के टोला सतहवा पूर्वी निवासी किशुन कुमार ने पुलिस को बताया कि झंगहा थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी त्रयम्बक नाथ पांडेय, चौरी चौरा निवासी सुरेश चौधरी तथा देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र निवासी विनय कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। तीन मार्च 2025 को सुरेश चौधरी और विनय कुमार उनके घर आए और बताया कि त्रयम्बक नाथ पांडेय अपनी भूमि गाटा संख्या 67, रकबा 0.214 हेक्टेयर में से 0.097 हेक्टेयर हिस्सा 28 लाख रुपये में बेच रहे हैं। भूमि को पूरी तरह विवादमुक्त बताते हुए उन्होंने इसकी गारंटी भी दी।
किशुन कुमार ने चार माह में पूरा भुगतान कर बैनामा कराने की बात कही, जिस पर आरोपियों ने व्यवसाय शुरू करने के बहाने अग्रिम राशि की मांग की। पहले 20 हजार रुपये और बाद में अलग-अलग तिथियों में त्रयम्बक नाथ पांडेय के खाते में कुल 17 लाख रुपये जमा करा लिए गए।
इस बीच आरोप है कि उक्त भूमि को 16 मई और छह जून 2025 को अन्य लोगों के नाम बैनामा कर दिया गया। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पांच लाख रुपये का चेक दिया, जिसे बैंक में जमा करने पर वह बाउंस हो गया। इसके बाद गाली-गलौज और धमकी देकर पीड़ित को भगा दिया गया।
थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
