वाराणसी
25 दिन के नवजात के दिल में छेद की पुष्टि, बीएचयू रेफर
वाराणसी (जयदेश)। जनपद के हरहुआ विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के समक्ष प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ पर एक नवजात शिशु को लाया गया। बच्चे का नाम बाबू है, जिसकी माता अंजलि और पिता विनोद कुमार हैं। परिवार हरहुआ के अनौरा गांव का निवासी है तथा मजदूरी कर जीवन यापन करता है। बच्चे को सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत पर चिकित्सकीय जांच की गई।

नोडल मेडिकल ऑफिसर डॉ. अब्दुल जावेद ने शिशु का परीक्षण किया, जिसमें प्रारंभिक जांच के दौरान ही हृदय में छेद होने की आशंका व्यक्त की गई। तत्पश्चात डॉ. जावेद द्वारा तत्काल इको जांच कराई गई, जिसमें बच्चे के दिल में छेद होने की पुष्टि हो गई। बताया गया कि शिशु की उम्र अभी मात्र 25 दिन है, इसलिए उसे दवा देकर आगे के उपचार के लिए बीएचयू रेफर कर दिया गया है।
इस दौरान टीम में डॉ. अब्दुल जावेद, डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. अवनीश कुमार राय, डॉ. अरविंद कुमार, विनोद कुमार और रंजना कुमारी शामिल रहे।
