गोरखपुर
हर्षोल्लास के साथ जली होलिका, फाग गीतों की गूंज से सराबोर रहा गोला क्षेत्र
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला क्षेत्र के ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में होलिका दहन का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। नगर क्षेत्र, सहित सभी गांवों में विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। देर शाम शुभ मुहूर्त में लोगों ने परिवार सहित पहुंचकर होलिका की परिक्रमा की और सुख-समृद्धि की कामना किया।
प्राप्त विवरण के अनुसार नगर पंचायत गोला में विभिन्न मोहल्लों में होलिका दहन के लिए पहले से ही तैयारियां की गई थीं। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने मिलकर परंपरा के अनुसार लकड़ी और उपलों से होलिका सजाई। जैसे ही अग्नि प्रज्ज्वलित हुई, वातावरण “होली है” के जयघोष और फाग गीतों की मधुर धुनों से गूंज उठा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
रानीपुर सेमरी, मेहड़ा और बारानगर गांवों में महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीत गाए, वहीं युवाओं की टोली ढोलक और मंजीरे की थाप पर झूमती नजर आई। बुजुर्गों ने भी लोक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी को इस पर्व का महत्व बताया। कई स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सभी स्थानों पर कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। होलिका दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देते हुए लोगों ने आपसी भाईचारे और एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा और हर तरफ फाग गीतों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।
