गोरखपुर
स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत पर सीएमओ सख्त, सीएचसी निरीक्षण में गंदगी पर कड़ी फटकार
सीएमओ का सख्त संदेश—स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
गोरखपुर। जनपद के खजनी क्षेत्र अंतर्गत उसवा बाबू स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गोरखपुर डॉ. राजेश झा ने किया। इस दौरान विद्यालय में अध्ययनरत सभी बालिकाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिससे उनके शारीरिक और पोषण संबंधी स्तर का आकलन किया जा सके।
स्वास्थ्य शिविर में बालिकाओं की लंबाई, वजन, हीमोग्लोबिन, आंख, कान, दांत एवं अन्य सामान्य रोगों की जांच की गई। महिला चिकित्सक डॉ. द्विव्या मिश्रा सहित चिकित्सकों की टीम ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, साफ पानी के उपयोग और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया। आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण भी किया गया तथा सभी बालिकाओं के स्वास्थ्य कार्ड बनाए गए, ताकि भविष्य में उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हो सके। शिविर को सफल बनाने में विद्यालय की वार्डन श्रीमती अर्चना, शिक्षिकाएं ममता पाठक एवं प्रतिमा चौहान तथा अन्य स्टाफ का सक्रिय सहयोग रहा।

स्वास्थ्य शिविर के उपरांत सीएमओ डॉ. राजेश झा ने उसवा बाबू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, ओपीडी, वार्ड और शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति देखकर सीएमओ भड़क उठे। कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। सीएमओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डॉ. राजेश झा ने निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर, वार्ड, ओपीडी और आसपास के क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीएचसी खजनी और सीएचसी उसवा बाबू को संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं में सुधार की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि इसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ, सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण देना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पीएचसी खजनी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप त्रिपाठी, सीएचओ सनावर खातून, स्टाफ नर्स विजय लक्ष्मी, फार्मासिस्ट, पैरामेडिकल कर्मी, लेखाकार श्याम सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सभी को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र के सीएचसी और पीएचसी में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में वास्तविक सुधार देखने को मिलेगा।
