वाराणसी
स्कूल जा रही बच्ची की सड़क हादसे में मौत

वाराणसी। ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के बावजूद सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रहे ट्रैक्टर ने स्कूल जा रही एक मासूम बच्ची की जान ले ली। तिलमापुर (सारनाथ) घर से पैदल पढ़ने जा रही कक्षा 3 की छात्रा वंदना (10) को ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया। आनन-फानन में बच्ची को लेकर स्थानीय लोग निजी अस्पताल पहुंचे, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पंडित दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया जहां पर उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।

वहीं इस दुर्घटना के बाद ड्राइवर को जनता ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। बच्ची के मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर का हवा निकालकर चक्का जाम कर दिया।
जानकारी मिलते ही सारनाथ प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और बड़ी मशक्कत से परिजनों को समझा बुझाकर चक्का जाम खत्म करवाया। उन्होंने बताया कि, बालिका लेढ़ुपूर प्राइमरी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा थी, ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। चालक तथा ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है।
