गाजीपुर
सैदपुर स्वयंसेवक संघ की साहसिक साइकिल यात्रा ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। सैदपुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में सैदपुर से बिहारीगंज मार्ग होते हुए सिधौना के रास्ते मार्कण्डेय महादेव धाम तक भव्य साहसिक साइकिल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। सैकड़ों की संख्या में शामिल स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

यात्रा का नेतृत्व जिला कार्यवाह सत्येंद्र सिंह एवं स्वयंसेवक एवं हॉकी इंडिया से संबंधित एवं मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर के प्रबंधक अनिकेत सिंह ने किया। उनके साथ संघ के जिलाप्रचारक गौरव, अनिल जायसवाल, नगर कार्यवाह दयानन्द जायसवाल, सहनगर कार्यवाह शुभम मोदनवाल, मुकेश यादव, जितेन्द्र सिंह, दिलीप सोनकर, राकेश सोनकर, अमृत बरनवाल, मनीष जायसवाल, विष्णु बरनवाल, शिवाकांत प्रजापति, रवि प्रकाश मौर्य, मोहित मिश्रा, अमित चौरसिया, कृष्ण गोपाल मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे मार्ग में अनुशासन, एकता और उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत बना रहा।

साहसिक साइकिल यात्रा सैदपुर से प्रारंभ होकर बिहारीगंज मार्ग, सिधौना होते हुए मार्कण्डेय महादेव धाम पहुंची, जहां सभी प्रतिभागियों ने विधिवत गंगा स्नान कर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साहसिक साइकिल यात्रा जैसे आयोजन पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सामाजिक एकजुटता को भी बढ़ावा देते हैं।

आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर स्वयंसेवकों ने सहयोग किया, जिससे रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। स्थानीय लोगों ने भी जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, विशेषकर बाल स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।
