गोरखपुर
सेवा-सत्कर्म का भाव सिखाती है राष्ट्रीय सेवा योजना: प्रो. नवीन श्रीवास्तव
गोरखपुर। सेण्ट ऐण्ड्रयूज काॅलेज (पुरुष इकाई) में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति सचेत किया गया। रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस. डी. राजकुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कॉलेज परिसर से प्रारम्भ होकर शास्त्री चैक, बेतियाहाता चौराहा होते हुए कैम्प स्थल पर समाप्त हुई।

बौद्धिक सत्र में गणित विभाग के प्रो. नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और सेवा-भाव का विकास करना है। उन्होंने बताया कि एनएसएस के स्वयंसेवकों को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार किया जाता है, जो निःस्वार्थ भाव से मानवता और देश की सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और सड़क सुरक्षा जैसी गतिविधियों के माध्यम से छात्र समाज और देश को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जे. पी. यादव ने राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोहित श्रीवास्तव ने व्याख्यानमाला में आए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वयंसेवकों को शिविर के दौरान विभिन्न गतिविधियों से निरंतर सीखने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर नकुल, आलोक, अनुराग, दिव्यांश दूबे सहित सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
