वाराणसी
सेवा पर्व पर बीएचयू में ‘खादी मैराथन’, कुलपति ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय और खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में सेवा पर्व के अवसर पर मंगलवार को ‘खादी मैराथन’ का भव्य आयोजन हुआ। मालवीय भवन से शुरू होकर एम्फीथियेटर प्रांगण तक पहुँची इस मैराथन का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में स्वदेशी की भावना को प्रबल करना और खादी के प्रति जागरूकता का प्रसार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी और खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन में पुरुष वर्ग में राजेश यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि अमन मौर्य दूसरे और वीरेंद्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में निवेदिता राय ने बाजी मारी, डीचन अंगमो द्वितीय और क्षितिज्शा भुजेल तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मैराथन के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने ‘स्वदेशी प्रतिज्ञा’ लेकर खादी और स्वदेशी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार नेमा, विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. बी.सी. कापरी, एनएसएस इकाई की समन्वयक स्वप्ना मीना सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन से पहले कुलपति समेत अतिथियों ने मालवीय भवन स्थित महामना की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह आयोजन सेवा, स्वदेशी और स्वास्थ्य के मूल्यों के प्रसार का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा।
