वाराणसी
सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी वेलफेयर ने मनाया चौथा स्थापना दिवस
कार्यक्रम में छलका सेवानिवृत्त कर्मियों का दर्द
सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी वेलफेयर ने शिवपुर स्थित अपने कार्यालय में गुरुवार को अपना चौथा स्थापना दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने अपनी समस्याओं और दर्द को साझा किया।
संस्था के संस्थापक रामनरेश यादव ने बताया कि उनका उद्देश्य सेवानिवृत्त और कार्यरत पुलिस, पीएसी, पीआरडी और होमगार्ड कर्मियों के हितों की रक्षा और उनके मुद्दों का समाधान करना है।
संस्था सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में भी सक्रिय है।संस्था के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने पुरानी पेंशन बहाली की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों के कार्यों के लिए टीए-डीए का भुगतान तत्काल किया जाना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने पूर्ण पेंशन की सीमा को 15 वर्षों के बजाय 10 वर्षों पर लागू करने की मांग की। प्रदेश प्रमुख महासचिव दंगल सिंह यादव ने रिटायर्ड कर्मियों के सम्मान की कमी को लेकर चिंता जताई।
उनका कहना था कि थानों में इन कर्मियों को उचित सम्मान नहीं मिल पाता जिससे उन्हें मानसिक आघात होता है। साथ ही उन्होंने वर्तमान कर्मचारियों में बढ़ते अवसाद पर भी चिंता जताई और अधिकारियों से उचित व्यवहार और समय पर छुट्टियां देने की अपील की।
कार्यक्रम में रामनरेश यादव, ओम प्रकाश सिंह, दंगल सिंह यादव, छविनाथ गौतम, श्रीनिवास सिंह, गजानंद यादव, तेज बहादुर सिंह, सुरेश कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे। सभी ने एकजुट होकर पुलिस कर्मियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
