मनोरंजन
सुनील ग्रोवर बने कपिल देव, विराट कोहली भी नहीं रोक पाए हंसी, वीडियो वायरल
नई दिल्ली। कॉमेडी की दुनिया में खास पहचान बना चुके सुनील ग्रोवर ने एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व क्रिकेटर की नकल उतारकर सभी को खूब हंसाया। सुनील के एक्ट को देखकर विशेष रूप से भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी हंसी नहीं रोक पाए। कोहली की हंसी देखते ही कार्यक्रम में मौजूद दर्शक और फैंस भी उत्साहित हो उठे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में सुनील ग्रोवर पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव के गेटअप में नजर आते हैं। उन्होंने कपिल देव की हेयरस्टाइल, पहनावा और आवाज की हूबहू नकल की। मंच पर प्रस्तुत उनके इस अभिनय को देखकर विराट कोहली खिलखिलाकर हंसने लगे और हंसी के दौरान उनकी पसलियों में दर्द भी होने लगा, जिसका दृश्य वीडियो में साफ दिखाई देता है।
सुनील ग्रोवर इससे पहले ‘गुत्थी’, ‘डॉ. मशहूर गुलाटी’, और ‘इंजीनियर चुम्बक मित्तल’ जैसे विभिन्न किरदारों से दर्शकों का मनोरंजन करते रहे हैं। उनकी यही अदाकारी इस कार्यक्रम में भी देखने को मिली।
विराट कोहली को लंबे समय बाद इस तरह खुलकर हंसते देखकर फैंस ने सोशल मीडिया पर खुशी जताई। एक यूजर ने लिखा — “इन्हें शायद अंदाजा भी नहीं है कि इनकी स्माइल हमारे मूड को बदल देती है।” वहीं एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की — “सलमान खान का जो पेट दुखा दे वह सुनील ग्रोवर… और विराट कोहली की पसलियों में जो दर्द ला दे, वह भी सुनील ग्रोवर हैं।”
एक और यूजर ने लिखा — “जब भी विराट स्माइल करता है, तो लगता है दुनिया रोशन हो गई… थैंक यू सुनील ग्रोवर।”
सुनील ग्रोवर (Sunil Grover) की यह प्रस्तुति और विराट कोहली (Virat Kohli) का यह अंदाज फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
