वाराणसी
सीपी ने यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश
नरिया से लंका मार्ग पर ट्रैफिक सुधार को लगे प्लास्टिक स्प्रिंग पोस्ट
वाराणसी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के प्रयास के तहत नरिया से लंका होते हुए रविदास गेट तक जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए मालवीय चौराहे पर प्लास्टिक स्प्रिंग पोस्ट लगाए गए हैं। इसके साथ ही सड़क की बाईं लेन को पूरी तरह खाली कराया गया है। अब वाहन बिना रुकावट के इस मार्ग पर निर्बाध गति से आ-जा सकेंगे।
रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शहर के प्रमुख यातायात बिंदुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महाकुंभ के मद्देनजर कैंट रोडवेज बस स्टैंड से निकलने वाली बसों का नया रूट निर्धारित किया गया है। बसें अब धर्मशाला तिराहे की बजाय लकड़मंडी होते हुए चौकाघाट-लहरतारा ओवरब्रिज से जाएंगी और इसी मार्ग से लौटेंगी। यह व्यवस्था मंगलवार से प्रायोगिक तौर पर लागू की जाएगी।

नगर निगम की भूमि पर बनेगा ई-रिक्शा स्टैंड
कैंट स्टेशन के पास नगर निगम के पुराने मालगोदाम को ई-रिक्शा और ऑटो स्टैंड के रूप में उपयोग के लिए चिन्हित किया गया है। मेयर के साथ वार्ता कर इसे जल्द प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिक्रमण पर सख्त निर्देश
पुलिस आयुक्त ने अतिक्रमण मुक्त कराए गए स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग लगाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इन जगहों पर दोबारा अतिक्रमण न हो। साथ ही, थानाध्यक्षों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।
मोहित अग्रवाल ने अंधरापुल, लहरतारा, मंडुवाडीह, बीएलडब्ल्यू, भिखारीपुर, नरिया, मालवीय गेट बीएचयू और सेंट्रल जेल तिराहे का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

थानों के स्टाफ का ऑडिट
आयुक्त ने तीनों जोन के डीसीपी को अपने-अपने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति का ऑडिट करने का निर्देश दिया है। इसके आधार पर मानव संसाधन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक थाने के 20 प्रतिशत स्टाफ को रात्रिकालीन गश्त पर अनिवार्य रूप से लगाने का आदेश दिया गया है।
लंका-नरिया मार्ग पर जाम से राहत
लंका से नरिया मार्ग पर रश्मि नगर कट को बंद कर दिया गया है, जिससे जाम की समस्या में काफी सुधार हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी होने वाली एंबुलेंस, ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ रोजाना अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित कार्रवाई से ही लंका क्षेत्र में जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
