मिर्ज़ापुर
सीएम योगी का औचक निरीक्षण, धीमी गति पर अधिकारियों को फटकार

मड़िहान (मिर्जापुर। विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम हेलीकॉप्टर से पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बाउंड्री और निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहे कच्चे माल की गुणवत्ता की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ 15 मिनट की बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने उच्च गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करने और समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए मशीनरी और मजदूरों की संख्या बढ़ाने का आदेश दिया। साथ ही, उन्होंने जिला अधिकारी को समय-समय पर निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने हेलिपैड तक पार्टी कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि यह कोई जनसभा नहीं थी, बल्कि सरकारी कार्यों का निरीक्षण हो रहा था, ऐसे में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनुचित थी।
निरीक्षण के दौरान जिला अधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, उपजिलाधिकारी मड़िहान समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।