गाजीपुर
साफ-सफाई कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन
भीमापार (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर आरंभ हुए सेवा पखवाड़ा के तहत कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के माहपुर में भारतीय जनता पार्टी सादात दक्षिणी मंडल के कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया।

मंडल अध्यक्ष दिलीप पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने माहपुर रेलवे स्टेशन परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। इस अवसर पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह पप्पू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश दिन दूनी, रात चौगुनी प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आम जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लाल परिखा पटवा, गुलाब पांडेय, आनंद जायसवाल, राजदेव सिंह, अभय सिंह, सुभाष राम, बद्रीनाथ विश्वकर्मा, अंकुर पांडेय, शिवम पांडेय, किशन गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाना तथा जनमानस को सेवा भाव से जोड़ना रहा।
