गाजीपुर
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत बनी राहत, पीड़ित को मिली पूरी धनराशि
गाजीपुर। थाना दुल्लहपुर की साइबर सेल की सक्रिय पहल से यूपीआई के माध्यम से हुई धोखाधड़ी में पीड़ित को उसकी पूरी धनराशि वापस दिलाई गई है। इस कार्रवाई के तहत शिकायतकर्ता से ठगे गए 13,398 रुपये 72 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक लौटाए गए।
अपराधों की रोकथाम और साइबर ठगी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चल रहे अभियान के क्रम में ग्राम रेवारिया, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर निवासी सूरज गिरी पुत्र रामदरश गिरि के साथ यूपीआई के जरिए धोखाधड़ी की घटना हुई थी। पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना दुल्लहपुर की साइबर सेल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 02.01.2026 को पीड़ित के खाते में ठगी की गई 13,398 रुपये की राशि सुरक्षित रूप से वापस करा दी गई। राशि प्राप्त होने के बाद आवेदक ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह भी सूचित किया जाता है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
थाना दुल्लहपुर की साइबर टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक सर्वजीत यादव के साथ कांस्टेबल रत्नेश कुमार, कांस्टेबल सलिल पटेल, कांस्टेबल दीपक कुमार तथा महिला कांस्टेबल शालू सिंह शामिल रहीं।
