वाराणसी
साइबर सेल और बैंक की सतर्कता से लाखों की ठगी से बचे रिटायर्ड अधिकारी
वाराणसी। साइबर सेल और एचडीएफसी बैंक की त्वरित कार्रवाई से एक सेवानिवृत्त केंद्रीय सरकारी संस्थान के उच्च पदाधिकारी 39 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी से बच गए। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि आर्य महिला कॉलेज स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा में उक्त अधिकारी अपने बचत खाते से 39 लाख रुपये एक अन्य बैंक खाते में भेजने के लिए आवेदन फॉर्म जमा करने पहुंचे थे।
बैंक कर्मचारियों ने देखा कि वह घबराए हुए हैं और पहली बार इतनी बड़ी राशि स्थानांतरित कर रहे थे। संदेह होने पर कर्मचारी ने उनसे राशि भेजने का कारण पूछा, लेकिन वरिष्ठ नागरिक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। स्थिति को गंभीर समझते हुए बैंक कर्मियों ने अपने उच्चाधिकारियों के माध्यम से साइबर सेल को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसीपी साइबर क्राइम ने अधिकारी से वीडियो कॉल के माध्यम से करीब 45 मिनट तक वार्ता की। बातचीत के दौरान विस्तृत रूप से मामले को समझाते हुए उन्हें डिजिटल अरेस्ट ठगी के जाल से बाहर निकाला गया।
घटना में सतर्कता बरतने और समय रहते कदम उठाने पर साइबर सेल टीम तथा बैंक कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
