गोरखपुर
ससुराल विवाद से आहत युवक ने की आत्महत्या, पत्नी सहित चार पर मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। ससुराल पक्ष से चल रहे विवाद से आहत एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना बांसगांव थाना क्षेत्र के कैथवलिया शुक्ल गांव की है। क्रिकेट खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, तब युवक का शव आम के पेड़ पर चुनरी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी, सास समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कैथवलिया शुक्ल निवासी अंगद गुप्ता की शादी 17 मई 2025 को बेलघाट थाना क्षेत्र के पिपरी सिंहवाने निवासी प्रीति गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद अंगद पत्नी को लेकर गुजरात में रोजगार के लिए गया था। घर लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा।
बताया गया कि करीब 15 दिन पहले पारिवारिक विवाद के चलते अंगद की सास सुशीला उसके घर आयी थी और बेटी को अपने साथ मायके ले गई। अंगद के भाई विनोद गुप्ता ने बांसगांव पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 जनवरी को उसके भाई की सास आधा दर्जन लोगों के साथ फिर से घर पहुंची, भाई को अपमानित किया और घर से सामान वापस लेकर जाने की धमकी देकर चली गई। इसके बाद से अंगद पूरी रात रोता रहा।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अंगद घर से निकला। कुछ देर बाद गांव के बच्चों ने सूचना दी कि आम के पेड़ पर चुनरी के फंदे से उसका शव लटक रहा है। प्रभारी निरीक्षक बांसगांव ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक की पत्नी, सास, विशाल और गोलू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
