गोरखपुर
समय पर इलाज न मिलने से वृद्ध की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप
सहजनवा (गोरखपुर)। समय पर उपचार न मिलने के कारण एक वृद्ध की मौत होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने ठर्रापार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। एक ओर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जनपद गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र स्थित ठर्रापार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है।
सहजनवा तहसील अंतर्गत ग्राम तिलौरा निवासी परिजन शैलेंद्र कुमार गौड़ उर्फ मनोज ने आरोप लगाया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार में चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनके वृद्ध परिजन की जान चली गई। उनका कहना है कि इमरजेंसी की स्थिति में वह मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचे, किंतु सुबह 11:05 बजे तक कोई भी डॉक्टर वहां उपलब्ध नहीं था। समय से इलाज न मिलने के कारण मरीज की मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि अस्पताल में अक्सर यही स्थिति बनी रहती है। समय पर चिकित्सक न मिलने से मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इमरजेंसी सेवाओं के नाम पर अव्यवस्था का आलम बना रहता है, जिससे आमजन का भरोसा लगातार कम होता जा रहा है।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्रीय लोगों ने भी अस्पताल में नियमित रूप से डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने और इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त करने की आवश्यकता जताई है।
अब देखना यह है कि स्वास्थ्य प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाता है या यह प्रकरण भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में सिमट कर रह जाएगा।
