वाराणसी
सब्जी मंडी की दुकान में संदिग्ध स्थिति में लगी आग, हजारों का माल खाक
वाराणसी। जनपद के बड़ागांव ब्लॉक के गांगकला स्थित सब्जी मंडी में एक किराए की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे दुकान में रखा हजारों रुपये का लहसुन, प्याज, आलू और अन्य सामान जलकर राख हो गया। जब दुकानदार राजू सोनकर सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे, तब तक सारा माल जल चुका था। दुकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था जबकि किराए पर ली गई उस दुकान का ताला बंद था जहां सब्जियां रखी गई थीं।
दुकानदार ने बताया कि जैसे ही उन्होंने दुकान खोली उन्हें आग की लपटें दिखाई दीं और सारा माल जल चुका था। उन्होंने तत्काल डायल 112 नंबर पर सूचना दी और कहा कि इस घटना में उन्हें हजारों का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। दुकानदार ने आरोप लगाया कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई है। पुलिस का कहना है कि यदि इस मामले में कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
