Connect with us

वायरल

संदिग्ध हालात में शिक्षक की मौत, बगीचे से मिला शव

Published

on

Loading...
Loading...

देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ग्राम बटुलही निवासी 26 वर्षीय पंकज विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय सत्यदेव विश्वकर्मा का शव बगीचे में अचेत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि पंकज विश्वकर्मा गांव के समीप एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे और प्रतिदिन की तरह वह बटुलही से पढ़ाने के लिए स्कूल गए थे। विद्यालय से छुट्टी होने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह घर के लिए निकले, लेकिन रास्ते में खोराराम के पास एक बगीचे में अचेत अवस्था में पड़े मिले। राहगीरों ने उन्हें जमीन पर गिरा देख डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

Loading...

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश राय के अनुसार युवक पेड़ के नीचे लेटा हुआ मिला और उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटना से गांव में शोक का माहौल है। पंकज विश्वकर्मा की शादी नवंबर 2025 में हुई थी और वह दो भाइयों में सबसे बड़े थे। पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मां उर्मिला बेटे की मौत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार पंकज मिलनसार स्वभाव के थे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page