सियासत
संतकबीरनगर में BJP की समीक्षा बैठक संपन्न, मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर
संतकबीरनगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एसएसआर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने की, जबकि प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला अध्यक्ष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और जिले की वर्तमान स्थितियों तथा अभियान से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में विशेष रूप से जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम भी मौजूद रहे।
प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत ने समीक्षा बैठक में कहा कि भाजपा का संकल्प है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र का नाम सूची में न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में मतदाता सूची में कई विसंगतियां पाई गईं, जिनमें एक व्यक्ति का नाम कई स्थानों पर दर्ज होने या दिवंगत व्यक्तियों के नाम सूची में बने रहने जैसी समस्याएं रहीं, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित होता था।
रावत ने जोर देकर कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करता है। उन्होंने विरोध पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष इस अभियान को लेकर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखती है और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करना चाहिए तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने में मददगार होना चाहिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों को भी स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में कार्य योजना भी बनाई गई कि मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर सूची का अध्ययन करें और समय पर दावे व आपत्तियां प्रस्तुत करें।
इसके अलावा उन्होंने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन भी दिया। इस दौरान विधायक गणेश चौरसिया, संजीव राय, संतोष यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित राम, जेरेड पांडेय, शांति नायक त्रिपाठी, विजेंद्र पांडेय, गणेश यादव, कौशलेंद्र सिंह, हर्षित तिवारी, अमर राय, अरुण सिंह, अनूप चौधरी, कपिलदेव, संतोष पाल, गोविंद यादव, मीडिया प्रभारी हेमानंद पांडेय सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
