राज्य-राजधानी
संतकबीरनगर में विजिबिलिटी पांच मीटर पहुंची, सड़कों पर हेडलाइट जलाकर चले वाहन
संतकबीरनगर। जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड के बीच घने कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक जिले के कई इलाकों में कोहरे का इतना घना असर रहा कि विजिबिलिटी घटकर मात्र 5 मीटर तक पहुंच गई। सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और मजबूरी में वाहनों की हेडलाइट व फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा।
घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और ग्रामीण सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को खासा दिक्कत झेलनी पड़ी। कई स्थानों पर वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण खतरा बना रहा।
शीतलहर के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गलन बढ़ गई है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक कोहरा और ठंड का यह दौर जारी रह सकता है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे में वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें, हेडलाइट का प्रयोग करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें। वहीं, आम नागरिकों को भी ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
