गाजीपुर
संकट मोचन मंदिर नंदगंज में धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव
हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज बाजार के संकट मोचन मंदिर में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे दिन हनुमान चालीसा व भजन- कीर्तन का आयोजन होने से आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भाग लेकर समां बांध दिया।

भोजपुरी गायक दूधनाथ चौहान ने अपनी टीम के साथ एक से बढ़कर एक भक्ति गीत देर रात तक प्रस्तुत किए। जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। उनके भक्तिरस भरे भजनों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

प्रसाद ग्रहण कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की समुचित व्यवस्था श्री संकट मोचन मंदिर नाम समिति नंदगंज के अध्यक्ष मनीष गुप्ता एवं कार्यक्रम संयोजक बाजार के प्रमुख व्यवसायी राजनाथ गुप्ता द्वारा की गई थी। उनकी देखरेख में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
