Connect with us

वाराणसी

शिवपुर में आंधी से बड़ा हादसा टला, बाल-बाल बची वृद्धा

Published

on

वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र के कादीपुर स्थित बुढ़न शहीद बाबा मजार के पास रविवार की शाम अचानक आई तेज आंधी ने एक बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया। कई वर्षों पुराना एक विशाल वृक्ष और बिजली का खंभा तेज हवा के झोंकों में उखड़कर एक मकान पर जा गिरा।

गनीमत यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। जिस मकान पर पेड़ और पोल गिरे, उसमें 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सविरा बेगम अपने छोटे बेटे के साथ मौजूद थीं। संयोगवश, दोनों ही उस समय मुख्य कमरे में न होकर घर के अन्य हिस्से में थे। वृक्ष और बिजली का पोल आंगन में गिरा, जिससे मुख्य संरचना को गंभीर क्षति नहीं पहुंची। यदि यह मलबा मकान के अंदरूनी हिस्से पर गिरता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।

हालांकि, जोरदार आवाज के चलते सविरा बेगम घबरा गईं और बिस्तर से गिर पड़ीं, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

वहीं, बिजली का पोल गिरने से इलाके में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दे दी गई है और मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page