अपराध
शिक्षक ने की सिपाही की गोली मारकर हत्या

बागपत। जिले में क्रिकेट खेलने के विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। सुनहैड़ा गांव में छुट्टी पर आये यूपी पुलिस के सिपाही अजय की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी युवक मोहित सहारनपुर में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है।
घटना रविवार देर रात करीब 10:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार दिन में क्रिकेट खेलने के दौरान सिपाही अजय का गांव के ही मोहित से विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर भी जमकर कमेंटबाजी हुई। रात में जब अजय गांव के कुएं के पास से गुजर रहा था, तभी आरोपी शिक्षक ने पीछे से गोली मार दी। गोली कमर से होकर पेट से बाहर निकल गई।
गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े लेकिन आरोपी भाग निकला। परिजन अजय को गंभीर हालत में बागपत के निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया लेकिन सोनीपत ले जाते समय रास्ते में ही अजय ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जिला अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहित सहारनपुर के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। सिपाही अजय भी सहारनपुर में तैनात थे और छुट्टी लेकर घर आए थे। पुलिस ने बताया कि मामला क्रिकेट खेलने के विवाद और सोशल मीडिया पर हुई कहासुनी से जुड़ा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।