वाराणसी
शंकरा आई हॉस्पिटल में शुरु हुई ओपीडी सेवा
वाराणसी। आरजे शंकरा आई फाउंडेशन में सोमवार से ओपीडी सेवाओं की शुरुआत हो गई है। पहले दिन 170 मरीजों ने डॉक्टरों से परामर्श लिया और कुछ मरीजों को ऑपरेशन की सलाह दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को इस 300 बेड्स वाले अस्पताल का उद्घाटन किया था।
यहां सोमवार से शनिवार तक ओपीडी सेवाएं सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक उपलब्ध होंगी, जबकि रविवार को यह सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। स्वास्थ्य विभाग की योजना है कि शंकरा आई हॉस्पिटल को राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम से जोड़ा जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि अस्पताल द्वारा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क सर्जरी और स्क्रीनिंग सेवाएं प्रदान करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, और इसे ध्यान में रखते हुए इसे अंधता निवारण कार्यक्रम से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। आवश्यक कागजी कार्यवाही और औपचारिकताएं भी पूरी की जा रही हैं।
