Connect with us

राज्य-राजधानी

व्यापारी के घर डकैती में वांछित एक लाख का इनामी अपराधी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

उत्तर प्रदेश एसटीएफ की बड़ी काररवाई

लखनऊ। कन्नौज जिले के कोतवाली, थाना क्षेत्र में इत्र व्यापारी के घर हुई डकैती के मामले में वांछित 1,00,000 रुपये के इनामी अपराधी कैलाश पारदी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी थाना हाईवे, जनपद मथुरा के भरतपुर रोड पर हुई। कैलाश पारदी मध्य प्रदेश के गुना जिले का निवासी है और धुमंतू आपराधिक गिरोह का सक्रिय सदस्य है।

उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। एसटीएफ को काफी दिनों से कैलाश पारदी और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ नोएडा ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे दबोच लिया। पूछताछ में कैलाश ने बताया कि वह 54 वर्ष का अनपढ़ व्यक्ति है और देश भर में गिरोह के साथ घूम-घूमकर चोरी, डकैती, लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। विरोध होने पर यह गिरोह गृह स्वामियों पर हमला भी करता था।

कैलाश ने स्वीकार किया कि 28-08-2023 को उसने और उसके गिरोह ने कन्नौज में एक इत्र व्यापारी के घर से सोने-चांदी के गहने, 7.30 लाख रुपये और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर लूटी थी। इस घटना में गैंग के अन्य सदस्यों ने भी साथ दिया। कैलाश ने बताया कि वह 2009 में अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार हुआ था और जेल से छूटने के बाद उसने फिर से अपराध करना शुरू कर दिया।

गिरफ्तार अभियुक्त पर कन्नौज, मथुरा और मध्य प्रदेश में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से एसटीएफ ने एक बड़ी सफलता हासिल की है, और आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page