चन्दौली
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
सकलडीहा (चंदौली)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा तेंदुई में गुरुवार को एक विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रेमा चौहान उर्फ नेहा (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे वाराणसी ले जा ही रहे थे कि रास्ते में रामनगर के पास उसकी मृत्यु हो गई।
मृतका के ससुर अजीत चौहान ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार प्रेमा चौहान का गांव के ही कृष्णा चौहान उर्फ किशन से प्रेम संबंध था और दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ विवाह किया था। पति कृष्णा चौहान उर्फ किशन ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती थी और गुरुवार दोपहर अचानक उसके पेट में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र निषाद ने बताया कि घटना की सूचना ससुर द्वारा दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
