Connect with us

गोरखपुर

विपक्ष के मनगढ़ंत नैरेटिव का दें जवाब, बूथ स्तर पर मजबूती जरूरी : सीएम योगी

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर में कार्यकर्ताओं से सीएम योगी की अपील

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा युवा कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव का मर्यादा में जवाब देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले मनगढ़ंत आरोप बढ़ेंगे, इसलिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत और सक्रिय रखना जरूरी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने लगातार सत्ता से दूर रहने से हताश विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विपक्ष सोशल मीडिया पर मनगढ़ंत आरोपों का नया वार शुरू करेगा। इन आरोपों का प्रतिवाद करने के लिए भाजपा की बूथ स्तर की टीम खुद को मजबूत रखे।

सीएम योगी रविवार को मालवीय नगर मंडल के ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवाओं को विकास भी करना है और विरासत का सम्मान भी। बूथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे डबल इंजन सरकार के अच्छे कार्यों का प्रचार-प्रसार करें। सोशल मीडिया पर भी सजग रहकर झूठे, मनगढ़ंत आरोपों का जवाब दें।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, वे आज सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। नकारात्मक नैरेटिव सेट करने वालों के शासन में माफिया की गुंडागर्दी, फिरौती वसूली और असुरक्षा थी। पर्व-त्योहारों पर दंगे होते थे। इन सभी दृश्यों और दृष्टांतों को निकालकर शब्दों की मर्यादा में आक्रामकता से जवाब देना होगा।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने अपनी सकारात्मक चीजों को आगे बढ़ाने और अच्छे कंटेंट बनाकर सोशल मीडिया का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने ईरान-अमेरिका युद्ध का भी उल्लेख किया, कहा कि संवेदनशील सरकार के कारण भारत में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम नियंत्रण में हैं। भारत की युवा शक्ति सदैव सत्य और सनातन के साथ रही है, जिसके लिए प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण और वीर अभिमन्यु जैसे महापुरुष प्रेरणा हैं। उत्तर प्रदेश में देश की 56 से 60 फीसदी कार्यशील युवा आबादी है, जो सकारात्मक कार्यों से जुड़कर प्रदेश को आगे बढ़ा सकती है।

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख किया। तब उत्तर प्रदेश में हर तीसरे दिन दंगा होता था और पर्व-त्योहारों पर आशंका रहती थी। गुंडागर्दी चरम पर थी, हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी। व्यापारी, उद्यमी और गरीब सभी को गुंडा टैक्स देना पड़ता था। हर जनपद में अपहरण होते थे, फिरौती वसूली जाती थी और टैक्सी स्टैंड के नाम पर भी वसूली होती थी। बिजली मुश्किल से तीन-चार घंटे आती थी और सड़कें गड्ढे जैसी थीं। नौजवानों के लिए नौकरी नहीं थी, किसान आत्महत्या करते थे और महिलाएं असुरक्षित थीं।मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद प्रदेश में आए बदलाव बताए।

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब तीन गुनी बढ़ी है, जो 13 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। राज्य में प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार रुपये से बढ़कर एक लाख 20 हजार रुपये हुई है। सरकार ने नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने सपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि अब योग्यता ही चयन का मानक है। किसान आत्महत्या नहीं करते और युवा पलायन नहीं करते क्योंकि उन्हें आसपास रोजगार मिल रहा है। गोरखपुर में 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 300 से अधिक कारखाने लगे हैं, जिससे 50 हजार से अधिक नौजवानों को रोजगार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” नहीं है। अब “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट”, “वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजिन” की बात होती है। यह प्रदेश की नई पहचान और भारत की ब्रांड बना रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से विकास करती है। प्रदेश में बनने वाली फिल्म सिटी से युवाओं को भरपूर अवसर मिलेंगे। दो करोड़ टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण का लक्ष्य है, जिसमें 50 लाख युवाओं को लाभ मिल चुका है। सांसद रवि किशन शुक्ल ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के नागरिकों का गौरव बताया और कार्यकर्ताओं से भाजपा को वोट दिलाने को कहा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page