गोरखपुर
विद्यालय पर RTE छात्र को निकालने का आरोप, बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत
गोरखपुर। जनपद में एक निजी विद्यालय पर शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत पढ़ रहे छात्र को विद्यालय से निकालने और पुनः प्रवेश से मना करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,माधोपुर कॉलोनी क्षेत्र निवासी एक अभिभावक ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र, जो कक्षा-5 में आरटीई के तहत अध्ययनरत था, को विद्यालय द्वारा बिना ठोस कारण के निकाल दिया गया। शिकायत में बताया गया है कि 4 दिसंबर 2025 को विद्यालय में छुट्टी के दौरान कुछ बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद यह कार्रवाई की गई।
अभिभावक का कहना है कि विद्यालय प्रशासन ने आरटीई के बच्चों के साथ भेदभाव करते हुए उनके पुत्र को विद्यालय से निष्कासित कर दिया और दोबारा प्रवेश देने से भी मना कर दिया। इतना ही नहीं, छात्र को करीब पांच महीने तक विद्यालय से बाहर रखने के बाद वार्षिक परीक्षा में बैठने की अनुमति भी दे दी गई, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और छात्र को पुनः विद्यालय में प्रवेश दिलाने की मांग की है। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
