वाराणसी
‘विदुषी ट्रस्ट’ गरीब बच्चों और महिलाओं के लिए बना रहा आत्मनिर्भरता का मार्ग
रामनगर (वाराणसी)। विदुषी ट्रस्ट, रामपुर, ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सराहनीय कदम उठाए हैं। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना है। पिछले दो वर्षों में ट्रस्ट ने अपने सामाजिक कार्यों से जनसमर्थन प्राप्त किया है।
मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी वरुण अग्रवाल ने कहा कि उनका मिशन समाज में अनुशासित, शिक्षित और समानता आधारित नागरिक तैयार करना है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य लिंग, जाति, धर्म और पेशे से परे सभी का सम्मान करने वाला समाज बनाना है।”
निःशुल्क शिक्षा और कौशल विकास
विदुषी ट्रस्ट महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई और बुनाई में निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहा है। छह-छह महीने के दो बैच सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और तीसरा बैच संचालित हो रहा है। साथ ही, बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं चलाई जा रही हैं। ट्रस्ट ने बच्चों के खेलने के लिए जगह भी उपलब्ध कराई है, ताकि वे घरों में कैद न रहें।
महिला और बच्चों के सशक्तिकरण पर जोर
वरुण अग्रवाल ने बताया कि ट्रस्ट महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्यशालाएं आयोजित करता है। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि समाज का हर नागरिक इस जिम्मेदारी को समझे और योगदान दे।
पत्रकार वार्ता में प्रमुख ट्रस्टी वरुण अग्रवाल के साथ अन्य सदस्य, जैसे श्रीमती मंजुलता, मदन कुशवाहा, डॉ. अमृत अग्रवाल, गौरव गुप्ता, मिताक्षरा, राफिया, आँचल, देवेंद्र सिंह, आनंद घोष, और राजेश केशरी भी उपस्थित थे।
ट्रस्ट के प्रयासों को समाज में प्रशंसा मिल रही है और यह अपने विचारों के साथ समाज सेवा में प्रेरणादायक भूमिका निभा रहा है।
