वाराणसी
वाराणसी : सेना की फायरिंग रेंज के बाहर बैठी महिला को लगी गोली
वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में सेना की फायरिंग रेंज के पास एक महिला को गोली लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक सेना के जवान का निशाना चूक गया, जिससे गोली फायरिंग रेंज की बाउंड्री के बाहर जा पहुंची और पास में धूप सेक रही महिला को जा लगी।
घटना के समय चांदनी (27), पत्नी दिनेश भारद्वाज, शिवपुर निवासी, आर्मी बाउंड्री वॉल के पास बैठी हुई थीं। कादीपुर खुर्द जंगल में सेना का शूटिंग अभ्यास चल रहा था और सेना के जवान टारगेट पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान एक गोली बाउंड्री वॉल के बाहर निकलकर चांदनी के दाहिने कंधे पर जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
गोली लगते ही महिला की हालत गंभीर हो गई और वह बेहोश हो गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत सेना के गेट पर तैनात जवानों को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने महिला को घायल अवस्था में दीन दयाल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने महिला की हालत को अब खतरे से बाहर बताया है। इस घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
