Connect with us

वाराणसी

वाराणसी पुलिस की तत्परता से बची महिला की जान

Published

on

Loading...
Loading...

कोलकाता से मदद की गुहार

वाराणसी। एक 73 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार महिला की जान बचाने के लिए रविवार को वाराणसी पुलिस ने अद्वितीय तत्परता दिखाते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाया। कोलकाता निवासी सुमन बनर्जी की मदद से यह कॉरिडोर बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएचयू अस्पताल और वापस एयरपोर्ट तक तैयार किया गया। 30 किलोमीटर की दूरी सामान्य तौर पर 1 घंटे 15 मिनट में तय होती है, लेकिन ग्रीन कॉरिडोर के चलते यह सफर मात्र 39 मिनट में पूरा हो सका।

कोलकाता से मदद की गुहार

कोलकाता निवासी सुमन बनर्जी ने रविवार सुबह पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनकी आंटी ज्योत्सना चटर्जी कोलकाता के एक अस्पताल की आईसीयू में भर्ती हैं और वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टरों ने इलाज के लिए बीएचयू में तैयार बैक्टीरियोफेज कॉकटेल सैंपल मंगवाने के लिए साढ़े चार घंटे की समय सीमा तय की थी।

सुमन ने बताया कि समय पर सैंपल न पहुंचने पर उनकी आंटी की जान बचाना मुश्किल हो जाएगा। इस पर पुलिस आयुक्त ने तत्काल एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय को निर्देशित किया और ग्रीन कॉरिडोर बनवाने का आश्वासन दिया।

Advertisement

सुमन कोलकाता से फ्लाइट के जरिये बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां से बीएचयू अस्पताल और फिर वापस एयरपोर्ट तक का सफर ग्रीन कॉरिडोर के माध्यम से पूरा कराया गया। एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि सुमन के वाहन के आगे क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) की जिप्सी लगाई गई। पूरे रूट पर तीन यातायात निरीक्षकों (टीआई) की निगरानी में यातायात को रोका गया।

37 मिनट में बीएचयू से एयरपोर्ट का सफर

ग्रीन कॉरिडोर के चलते बाबतपुर एयरपोर्ट से हरहुआ, तरना, गिलट बाजार, सेंट्रल जेल, लहरतारा, मंडुवाडीह, सुंदरपुर और नरिया होते हुए बीएचयू पहुंचने में केवल 39 मिनट लगे। वहीं, सैंपल लेकर बीएचयू से एयरपोर्ट की दूरी मात्र 37 मिनट में पूरी कर ली गई। सामान्य परिस्थितियों में यह सफर 1.15 घंटे का होता है।

पुलिस की तत्परता ने बचाई जान

सुमन बनर्जी ने कोलकाता पहुंचकर डॉक्टरों को बैक्टीरियोफेज कॉकटेल सैंपल सौंप दिया, जिससे उनकी आंटी को समय पर इलाज मिल सका। इस कार्य में वाराणसी पुलिस की भूमिका को सराहते हुए सुमन ने कहा, “जो काम असंभव लग रहा था, उसे पुलिस ने संभव कर दिखाया। बाधारहित ग्रीन कॉरिडोर के जरिए अस्पताल और एयरपोर्ट पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई।”

Advertisement

बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएचयू तक के रास्ते में हरहुआ, तरना, गिलट बाजार, सेंट्रल जेल, लहरतारा, मंडुवाडीह, सुंदरपुर और नरिया को शामिल किया गया। यातायात निरीक्षक (टीआई) को निर्देश दिए गए थे कि पूरा रूट साफ रखा जाए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page