मिर्ज़ापुर
वरिष्ठ नागरिक संगठन का होली मिलन और काव्य गोष्ठी समारोह सम्पन्न

मिर्जापुर। वरिष्ठ नागरिक संरक्षण संस्थान द्वारा शिवाला महंथ के अमृत सभागार में होली मिलन एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सरस्वती वंदना मीरजापुर के वरिष्ठ कवि स्वर्गीय भवेश चन्द्र जायसवाल की पुत्री इला जायसवाल ने मधुर स्वर में प्रस्तुत की।
संस्था के पदाधिकारियों ने भूतपूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय इन्द्रजीत सिंह डंग व स्वर्गीय राजकुमार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी सदस्यों ने अबीर लगाकर और पुष्प वर्षा कर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य अतिथि के रूप में मीरजापुर के प्रतिष्ठित कवि-लेखक भोलानाथ कुशवाहा को सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से उन्हें पुष्पहार, शाल और सम्मान पत्र भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी के प्राध्यापक अरविंद अवस्थी ने किया।
काव्य गोष्ठी में विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नंदिनी वर्मा ने होली गीत से माहौल को रंगीन बनाया। वरिष्ठ कवयित्री डॉ. अनुराधा ओस ने जीवन की खुशबू और संवेदनाओं को अपनी कविता में पिरोया। पूर्व बैंक मैनेजर केदारनाथ सविता ने समसामयिक विषयों पर कविता प्रस्तुत की। प्रसिद्ध कवयित्री सारिका चौरसिया ने समाज की वास्तविकता को अपनी रचना में दर्शाया।

कवि अरविंद अवस्थी ने प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हुए कहा, “तुम नफरत-नफरत बांट रहे, मैं प्यार-प्यार ही बांटूंगा।” त्रिवेणी संस्था के अध्यक्ष रवींद्र कुमार पांडेय ने चैता गीत प्रस्तुत कर लोक-संस्कृति की झलक दी।
मुख्य अतिथि भोलानाथ कुशवाहा ने अपनी रचना के माध्यम से जीवन के विभिन्न रंगों को दर्शाया। युवा कवि श्याम अचल ने समाज की संवेदनाओं को अपनी कविता में जीवंत किया। रामलीला के संवाद लेखक प्रमोद चंद गुप्त ने अपनी कविता से जीवन की वास्तविकताओं को उजागर किया।
गफ्फार नियाजी ने ओजपूर्ण देशभक्ति कविता से वातावरण में जोश भर दिया। डॉ. सुधा सिंह ने “भारत माँ की शान तिरंगा, इसे सदा लहराएंगे।” पंक्तियों से राष्ट्रीय भावना को प्रबल किया।
नंदलाल सिंह चंचल, अमरनाथ सिंह, हौसिला प्रसाद मिश्र और इम्तियाज अहमद गुमनाम ने भी अपनी रचनाओं से काव्य गोष्ठी को गरिमा प्रदान की।
सभी सहभागियों को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। संस्था के सचिव महेश चंद यादव ने सभी अतिथियों को “यथार्थ गीता” पुस्तक उपहार स्वरूप भेंट की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भूपेंद्र सिंह डंग ने की। संयोजक लालब्रत सिंह सुगम ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में होली की पारंपरिक मिठाई गुझिया, भांग और ठंडई की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर अजय मेहरोत्रा, राजू मेहरोत्रा, आनंद केसरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।