वाराणसी
लोकसभा चुनाव और त्योहार में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : अजय कुमार श्रीवास्तव
मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों की खैर नहीं : अजय कुमार श्रीवास्तव (एसीपी)
वाराणसी। जिले के राजातालाब क्षेत्र के एसीपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने जयदेश की न्यूज़ एंकर सोनाली पटवा से नवरात्रि के त्योहार से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि, नवरात्रि के पर्व के मद्देनजर हम लोगों ने पीस कमेटी की मीटिंग की है। जहां मंदिर हैं वहां पर हमने पर्याप्त व्यवस्था के रूप में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है।
जबकि ईद से जुड़े सवाल के जवाब में एसीपी ने कहा कि, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हमने मीटिंग की है। यदि कोई पार्टी बनाकर अपने यहां माहौल खराब करेगा तो आचार संहिता नियमावली के उल्लंघन करने के आरोप में उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अंबेडकर जयंती के दिन हमने कार्यक्रम करने वाले आयोजकों से वार्तालाप करके रूट व्यवस्था और जुलूस की रूपरेखा जानने के पश्चात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। सभी लोग आपसी सौहार्द से मिलकर त्योहार मनाए और एकता का संदेश दें।

महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े सवाल के जवाब में एसीपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हमने महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है और महिला से संबंधित जो हमारे पुलिस मित्र हैं उनसे हम लोगों ने मीटिंग की है। महिलाओं की सुरक्षा के संबंध में जो भी दिक्कतें आएंगी उसमें महिला थाने की पुलिस अपने स्तर से उचित कार्रवाई करेगी।
लोकसभा चुनाव की तैयारी के बारे में एसीपी अजय ने बताया कि, इस समय देश में लोकसभा चुनाव का माहौल चल रहा है। हमारे यहां तीन विधानसभा हैं, रोहनिया, सेवापुरी और पिंडरा। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव होगा। इसमें एरिया डोमिनेशन में हमारे सीआरपीएफ की फोर्स आई हुई है। जो हमारे चिन्हित गांव और क्षेत्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील है वहां पर हमारी विशेष नजर है।

उन्होंने आगे कहा कि, चुनाव के दौरान अपने मतदान का लोग सही प्रयोग करें। यदि कोई उन्हें डराता-धमकता है तो उसके संबंध में हम लोग गांव-गांव जाकर चौपाल लगा रहे हैं और इसमें जो कारक व्यक्ति है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं। इसके अलावा जो हमारे क्रिटिकल बूथ है वहां पर हम फोर्सेस के साथ चक्रमण (मुआयना) कर रहे हैं और चौपाल लगाकर लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए जागरुक कर रहे हैं। यदि त्योहार और चुनाव के दिन अराजक तत्व उत्पाद मचाते हैं तो ऐसे लोगों को चिन्हित करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कोई भी व्यक्ति इन अराजक तत्वों के खिलाफ थाने की पुलिस, बीट पुलिस को सूचना दे सकता है। उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बात करते हुए एसीपी ने बताया कि, सर्किल राजातालाब में चार थाने हैं इसमें राजातालाब, मिर्जामुराद, कपसेठी और जंसा शामिल है। यहां के बॉर्डर जिले मिर्जापुर और भदोही हैं। सुरक्षा व्यवस्था और समय-समय पर हम अपने क्षेत्र में नाकाबंदी और गश्त करते रहते हैं।
तो वहीं, साइबर क्राइम के बारे में एसीपी अजय ने बताया कि, हर थाने पर साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी नियुक्त हैं और 24 घंटे के अंदर तत्काल मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर हमारे जिले और थाने के स्तर से तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
