Connect with us

वाराणसी

रेस्टोरेंट संचालक पर हमला, आरोपी फरार

Published

on

वाराणसी। जिले के लंका थाना क्षेत्र के नगवा पावर हाउस के सामने बीती रात करीब 10 बजे चार बाइक सवार आठ नकाबपोश बदमाशों ने एक रेस्टोरेंट में संचालक पर जानलेवा हमला किया। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने रेस्टोरेंट कर्मचारी आयुष सिंह की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आये रेस्टोरेंट संचालक विदिप सिंह को रोकते ही आरोपियों ने तीन राउंड फायरिंग की।

इस घटना के बाद विदिप सिंह, आयुष सिंह और अन्य लोग रेस्टोरेंट से भाग निकले। मौके से पुलिस ने दो खोखे बरामद किए हैं। फायरिंग करने वाले एक आरोपी की पहचान अनिकेत राय निवासी साकेत नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि करीब सात महीने पूर्व भी अनिकेत और उसके साथियों ने आयुष सिंह पर हमला किया था। उस समय घटना दुर्गाकुंड क्षेत्र में हुई थी, जिस पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज है।

पीड़ित विदिप सिंह ने पुलिस को तहरीर में बताया कि आयुष सिंह उस समय रेस्टोरेंट में थे, तभी आठ युवक वहां पहुंचे और आयुष की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया और बाद में फायरिंग की।

डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग करते आरोपी की पहचान की जा चुकी है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम बरामद कारतूस की जांच कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page