गाजीपुर
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव
गाजीपुर के जमानियां कोतवाली क्षेत्र के गड़ही गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का कटा हुआ शव बरामद हुआ। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि उसकी तत्काल पहचान संभव नहीं हो सकी।
यह हादसा किलोमीटर संख्या 708/19-21 के पास हुआ, जहां मृतक पीले रंग का जैकेट और हल्के नीले रंग की जींस पहने मिला। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। जैसे ही यह खबर फैली, स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पहचान की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर गाजीपुर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है, जहां 72 घंटे तक उसे पहचान के लिए रखा जाएगा। प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सोशल मीडिया और खुफिया तंत्र की मदद ले रही है। फिलहाल पुलिस हर संभव एंगल से मामले की जांच कर रही है।
