वाराणसी
राष्ट्रपति पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में BHU के पूर्व संकाय प्रमुख प्रो कौशल किशोर ने जलाया कांग्रेस नेता अधीर रंजन का पुतला
वाराणसी।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर जहां बीजेपी के नेता मुखर हैं। कांग्रेस पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। यहां तक कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच संसद में तीखी नोकझोंक भी हो चुकी है। अधीर रंजन ने माफी भी मांग ली है। बावजूद इसके भाजपा नेता उद्वेलित हैं। इसी क्रम में बीजेपी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान संकाय के प्रमुख रहे प्रो कौशल किशोर मिश्र ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता अधीर रंजन का प्रतीक पुतला जलाया। इस मौके पर बीजेपी कार्यकर्ता और नेता भी मौजूद रहे जिन्होंने कांग्रेस के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली।
पुतले की जूता-चप्पल से पिटाई
इससे पहले प्रो मिश्र समर्थकों संग अस्सी घाट पहुंचे और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का पुतला फूंकने के बाद जूता- चप्पल से पुतले की पिटाई भी की। बता दें कि अधीर रंजन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को “राष्ट्रपत्नी”‘ बोल दिया था, जिसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस और अधीर रंजन चौधरी के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है।
मांगा इस्तीफा, कहा संविधान की धज्जियां उड़़ाई गईं
इस मौके पर बीजेपी कार्यकर्तांओं ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन का इस्तीफा मांगा। कहा कि उन्होंने संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं। एक आदिवासी महिला के राष्ट्रपति बनने पर लोग मजाक उड़ाना रहे हैं। मर्यादा का तनिक भी ख्याल नहीं रहा। उन्होंने मांग की कि वह (अधीर रंजन) जनता के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगे, अन्यथा हम सड़क पर उतर कर उनका इस्तीफ ले लेंगे। पुतला फूंकने वालों में प्रो. कौशल किशोर मिश्रा समेत कई बुजुर्ग कार्यकर्ता भी शामिल रहे।