राज्य-राजधानी
योजनाओं की प्रगति पर डीएम सख्त, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी संतकबीरनगर द्वारा नाथनगर विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड कार्यालय के सभी पटलों/अनुभागों का क्रमवार निरीक्षण करते हुए संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पत्रावलियों के सुव्यवस्थित ढंग से रखरखाव, कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति तथा अभिलेखों के संधारण को बारीकी से देखा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय व्यवस्था को दुरुस्त रखते हुए सभी अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शपथ पत्रावलियों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पटल पर कोई भी पत्रावली अथवा प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने विकासखंड स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचे तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
