Connect with us

वाराणसी

यूपी कॉलेज बना रणक्षेत्र : शिक्षकों पर छात्रों का हमला, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले प्राचार्य आवास पर हमला और तोड़फोड़ की घटना के बाद अब उपद्रवी छात्रों ने कॉलेज परिसर में घुसकर शिक्षकों को निशाना बनाया। गुस्साए छात्रों ने पथराव कर माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और शिक्षकों में दहशत फैल गई।

घटना के दौरान केमिस्ट्री विभाग के लेक्चरर प्रोफेसर अभिषेक सिंह पथराव में घायल हो गए। अचानक हुए हमले से कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई और स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद उपद्रवी छात्रों को परिसर से खदेड़ा गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

घटना के बाद शिक्षकों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उनका कहना है कि मौजूदा हालात में कॉलेज परिसर सुरक्षित नहीं रह गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं कॉलेज प्रशासन ने भी इस हिंसक घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस पूरे घटनाक्रम ने वाराणसी के शैक्षणिक माहौल को झकझोर कर रख दिया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page