मनोरंजन
यूट्यूबर सौरभ जोशी ने शादी में पुलिस से मांगी सिक्योरिटी
हल्द्वानी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध यूट्यूबर और व्लॉगर सौरभ जोशी जल्द ही अवंतिका भट्ट के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी से पहले ही उनका परिवार सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। परिवार ने हल्द्वानी पुलिस प्रशासन से विवाह समारोह के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार, जोशी परिवार ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर विवाह स्थल पर कड़ी सुरक्षा तैनात करने का अनुरोध किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने इंटेलिजेंस सिस्टम को अलर्ट पर रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी।

शादी की तिथि, स्थान और अन्य जानकारी गोपनीय रखी गई है। बताया जा रहा है कि समारोह में केवल 20 करीबी रिश्तेदार और मित्र ही शामिल होंगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि आयोजन को हाई सिक्योरिटी इवेंट के रूप में हैंडल किया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने के पीछे सितंबर 2025 की वह घटना प्रमुख कारण है, जब सौरभ जोशी को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी मिली थी। इस मामले में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का नाम सामने आया था, जिसके बाद से परिवार अधिक सतर्क है।

शादी नजदीक आने के साथ दोनों परिवारों ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। इंटेलिजेंस टीम को विवाह स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। सौरभ जोशी उत्तराखंड के सर्वाधिक फॉलो किए जाने वाले यूट्यूबर्स में से एक हैं और उनके लाखों सब्सक्राइबर उनके दैनिक व्लॉग्स देखते हैं। लोकप्रियता के कारण वे अक्सर सुर्खियों और अफवाहों में बने रहते हैं।

उधर, सौरभ जोशी ने हाल ही में अपने ब्लॉग्स में दिखाई देने वाली ‘मिस्ट्री गर्ल’ का नाम और चेहरा रिवील किया था। उन्होंने बताया था कि उनकी मंगेतर का नाम अवंतिका भट्ट है। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक डांस वीडियो वायरल हुआ, जिसे कई लोगों ने शादी हो जाने की खबर समझ लिया, जबकि विवाह अभी होना बाकी है।
