अपराध
युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़, भाई ने लगाया हत्या का आरोप
भाई ने बताया – ससुराल पक्ष के चार रिश्तेदारों से झगड़े के बाद विनोद की हत्या की गई
वाराणसी। जनपद के मिर्जामुराद के मोंगलाबीर गांव में ताल के पास बाहा पर मिले युवक के शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के चूहा मारने वाली दवा खाने की बात सामने आई है।
अमिनी गांव निवासी 35 वर्षीय विनोद पटेल शनिवार को मोंगलाबीर स्थित ससुराल आया था। वह पत्नी के भाई की शादी के बाद चौथी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। रविवार सुबह उसका शव गांव के ताल के पास संदिग्ध हालात में मिला।

सोमवार को मृतक के भाई रमेश पटेल ने ग्रामीणों के साथ मिर्जामुराद थाने में पहुंचकर तहरीर दी। रमेश का आरोप है कि ससुराल पक्ष के चार रिश्तेदारों से झगड़े के बाद विनोद की हत्या की गई।
डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, विनोद ने चूहा मारने की दवा खाई थी। हालांकि, रमेश और ग्रामीण इसे साजिश करार देते हुए जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
