अपराध
मेरठ: पांच लोगों की हत्या मामले में आया नया मोड़
मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके के सुहेल गार्डन में पांच लोगों की हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। 70 गज के मकान में मोईनुद्दीन, उनकी पत्नी आसमा और तीन मासूम बेटियों – अफ्सा, अजीजा और अदीबा के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
घटना का पता उस समय चला जब मोईनुद्दीन के भाई तसलीम और मोमिन ने घर पर ताला लगा देखा। शक होने पर उन्होंने पड़ोसी की छत से रोशनदान के अंदर झांका, जहां खून बिखरा हुआ देखा। शोर मचाने के बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था। मोईन का शव गठरी में बंधा मिला, जबकि उनकी पत्नी और बेटियों के शव बिस्तर पर पड़े थे।

तीन शादियां और उलझी कड़ियां
मोईनुद्दीन की यह तीसरी शादी थी। पहली पत्नी जफरा की मृत्यु बीमारी के कारण हो गई थी। दूसरी शादी नारा से हुई थी, जो तलाक पर खत्म हुई। तीसरी शादी 10 साल पहले आसमा से हुई, जो पहले से शादीशुदा थीं और उनके तीन बच्चे थे।आसमा के भाई ने खुलासा किया कि मोईन ने अपने भाई को 4.5 लाख रुपये उधार दिए थे। पुलिस इसे हत्या की एक संभावित वजह मान रही है। फिलहाल, रिश्तेदारों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और पैसों की लेन-देन हो सकती है। पड़ोसियों ने बताया कि मोईन का परिवार शांत स्वभाव का था और करीब डेढ़ महीने पहले ही इस मकान में आया था। यह मामला पारिवारिक विवाद या किसी गहरी साजिश की ओर इशारा करता है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है।
