Connect with us

मिर्ज़ापुर

मीरजापुर नगर पालिका में कर निर्धारण अधिकारी अरविंद यादव को दी गई भावभीनी विदाई

Published

on

नगर पालिका परिषद मीरजापुर के कर निर्धारण अधिकारी अरविंद यादव का स्थानांतरण शासन द्वारा मथुरा-वृंदावन नगर निगम में कर दिया गया है। इस अवसर पर शनिवार को नगर पालिका के प्रधान कार्यालय में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, अधिशासी अधिकारी जी लाल, सभासदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अरविंद यादव ने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन किया। नगर पालिका की टैक्स वसूली को बेहतर करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। साथ ही, उन्होंने इंडियन बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर मीरजापुर पालिका को प्रदेश की पहली डिजिटलीकृत पालिका बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।

उनकी कार्यशैली, व्यवहार कुशलता और टीम भावना की सभी ने सराहना की। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि उनके नेतृत्व में कर वसूली का प्रतिशत बढ़ा और नवरात्रि मेले जैसे आयोजनों को भी सफल बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिशासी अधिकारी ने भी उनके साथ कार्य करने के अनुभव को सकारात्मक बताया और भविष्य में फिर से साथ काम करने की इच्छा जताई।

Advertisement

विदाई समारोह में अरविंद यादव ने भावुक होते हुए कहा कि मीरजापुर नगर पालिका में बिताया गया समय उनके जीवन का अमूल्य हिस्सा रहेगा। उन्होंने सहयोग के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार प्रकट किया और कहा कि यहां का अपनापन और सम्मान वे हमेशा याद रखेंगे।

इस अवसर पर सभासद इंद्रजीत सिंह पटेल, अलंकार जायसवाल, रूपेश यादव, शरद सरोज, राजेश सोनकर, राम यादव, शिव सोनी, कर अधीक्षक शरदेन्दु सिंह, आरआई राजित यादव, अनिल जायसवाल, संजय पटेल, राकेश गुप्ता, विक्की मौर्या, नवीन सिंह, किशन शर्मा, मृत्युंजय सिंह गहरवार, दशरथ सोनकर, आशीष सुदर्शन, मुकेश गुप्ता, अनुराग गुप्ता, शुभम मोदनवाल, रोहित जायसवाल, संजय कुशवाहा, अवधेश यादव सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa