गाजीपुर
मासूम की पोखरे में डूबने से मौत, परिवार के लिए विधायक अंकित भारती से लगाई आर्थिक सहायता की गुहार
खानपुर (गाजीपुर) जयदेश। थाना क्षेत्र के ग्राम इचवल में 12 मार्च को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गांव निवासी श्री चौथी गौड़ और श्रीमती निशा गौड़ की लगभग 7 वर्षीय पुत्री खुशबू की गांव के पोखरे में डूब जाने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि 12 मार्च को सुबह लगभग 11:30 बजे किसी कारणवश मासूम खुशबू गांव के पोखरे के पास पहुंच गई, जहां पैर फिसलने से वह पानी में गिर गई और डूब गई। आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो तत्काल बच्ची को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
खुशबू अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी और वह गांव निवासी श्री रामलाल गौड़ की नातिन थी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और इस अप्रत्याशित घटना ने उनकी स्थिति को और भी दयनीय बना दिया है।
पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए स्थानीय समाजसेवी प्रवीण सिंह ने क्षेत्रीय विधायक अंकित भारती से परिवार को सरकारी एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से मदद मिलती है तो शोक संतप्त परिवार को कुछ सहारा मिल सकेगा।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस दुखद घड़ी में उन्हें कुछ आर्थिक संबल मिल सके। पूरे गांव के लोग इस घटना से बेहद मर्माहत हैं और परिवार को सांत्वना देने के लिए लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं।
