गोरखपुर
मारपीट के बाद युवक की इलाज के दौरान मौत, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। हत्या के आरोप में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सिकरीगंज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने थाना सिकरीगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0 35/2026 धारा 190/191(2)/103(1)/131/115(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में निक्कू चौहान उर्फ दुर्गविजय चौहान पुत्र रामदरश चौहान, अक्षय चौहान पुत्र विक्रम चौहान तथा परविन्द्र चौहान उर्फ पविद पुत्र प्रेम कुमार शामिल हैं। तीनों अभियुक्त ग्राम हरिजनपुर, थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त तीन बांस के डंडे बरामद किए हैं और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के संबंध में बताया गया कि 10 फरवरी 2026 को एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक की ओर से वादिनी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना सिकरीगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त अक्षय चौहान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 35/2026 के अलावा वर्ष 2021 में मु0अ0सं0 0157/2021 धारा 323, 504, 506, 427 भादवि के तहत भी मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आशीष कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक बैजनाथ बिन्द, हेड कांस्टेबल आफताब आलम, कांस्टेबल राजू यादव तथा कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
