Connect with us

मिर्ज़ापुर

महिला सशक्तिकरण के लिए मिर्जापुर पुलिस का मिशन शक्ति अभियान जारी

Published

on


मिर्जापुर। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5 के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर, श्री सोमेन बर्मा के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी, एंटी रोमियो टीम और पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, साइबर अपराधों और शासन की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

पुलिस टीम ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, भीड़भाड़ वाले इलाकों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। इस अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, यूपी राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वानिधि योजना, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना, प्रधानमंत्री फ्री सिलाई योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना जैसी कई योजनाओं की जानकारी दी गई।

Advertisement

महिलाओं को बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट और महिला उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित अधिकारों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, ऑपरेशन मुक्ति के अंतर्गत बाल विवाह और बाल श्रम रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की गई। छोटे बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान के बारे में बताया गया और किसी भी समस्या पर अपने अभिभावकों या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।

सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के साथ ही 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मिर्जापुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और समाज में एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page