मिर्ज़ापुर
महिला सम्मान और सुरक्षा के लिए मिर्जापुर पुलिस का मिशन शक्ति अभियान जारी

मिर्जापुर पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी और एंटी रोमियो टीम ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने रविवार को प्रमुख चौराहों, कस्बों, बाजारों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और गांवों में जाकर महिलाओं और छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना और आयुष्मान योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह, पोक्सो एक्ट और साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी जागरूकता फैलाई गई। छोटे बच्चों को गुड टच-बैड टच की पहचान और किसी भी समस्या पर अभिभावकों या पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
सोशल मीडिया की सुरक्षा के दृष्टिकोण से साइबर अपराधों और डिजिटल अरेस्ट की जानकारी के साथ-साथ हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इसमें 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) शामिल हैं।
मिर्जापुर पुलिस का यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।